हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बोले, हिंदी में वेदों के ज्ञान से भारत फिर से बनेगा विश्व गुरु

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बोले, हिंदी में वेदों के ज्ञान से भारत फिर से बनेगा विश्व गुरु

हरियाणा: हरियाणा में गुरु द्रोणाचार्य एवं माता शीतला की पावन धरा गुरुग्राम में वेद प्रचार एवं वेद भाष्य ग्रंथ वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिरकत की. मुख्यमंत्री नायब​ सिंह सैनी ने कहा कि वेद प्रचार एवं वेद भाष्य ग्रंथ वितरण कार्यक्रम में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ. सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि वेदों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ चारों वेदों का सरल हिंदी भाषा में प्रकाशन करवाने पर मैं विश्व हिंदू परिषद का आभार प्रकट करता हूं और आप सभी को बधाई देता हूं. 

पद्मभूषण महामहोपाध्याय महर्षि श्रीपाद दामोदर सातवलेकर द्वारा चारों वेदों का सर्वाधिक प्रामाणिक हिंदी भाषा में रूपांतरण किया गया है. हमारे लिए यह बहुत ही गर्व की बात है कि यह महान कार्य हरि की धरा हरियाणा पर सम्पन्न हुआ है. हरियाणा वह धरा है जहां सरस्वती के तटों पर वेदों की ऋचाएं लिखी गई थीं. हिंदी में वेदों के ज्ञान से भारत फिर से विश्व गुरु बनेगा और 2047 तक भारत को विकसित बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा. 

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ प्रचारक एवं विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अंतर्राष्ट्रीय संरक्षक दिनेश चंद्र ,परमार्थ निकेतन आश्रम के परमाध्यक्ष पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती मुनि , अखिल भारतीय संत समिति के निदेशक और महामण्डलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज, विरजानन्द ट्रस्ट वेद मंदिर मथुरा के अध्यक्ष आचार्य स्वदेश ,गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा समेत प्रमुख संतजन,गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे.